झाँसी: बस स्टैण्ड के सामने फुटपाथ पर बनी डेढ़ दर्जन से अधिक दुकानों के सामने दीवार बनाने का काम नगर निगम द्वारा विरोध के बावजूद शुरू किया गया। ये दुकाने पूर्व विधायक ब्रजेन्द्र कुमार व्यास उर्फ डमडम महाराज द्वारा बनाई गई थीं, जिन्हें नगर निगम ने अवैध करार दिया था।
नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में इन दुकानों को अवैध बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई गई थी। इसके बाद महापौर बिहारी लाल आर्य के आदेश पर इन दुकानों के सामने फुटपाथ पर दीवार बनाने के आदेश दिए गए थे।
पूर्व विधायक ब्रजेन्द्र कुमार व्यास ने इस कार्यवाही का विरोध करते हुए कहा कि यह जमीन छावनी परिषद द्वारा लीज पर दी गई है और इस पर दुकान बनाने को लेकर पहले छावनी परिषद ने आपत्ति की थी, लेकिन उन्होंने न्यायालय से स्टे लिया हुआ है। उनका यह भी कहना था कि किसी भी मकान या दुकान के सामने दीवार बनाकर हवा, पानी और रास्ता बंद करने का अधिकार किसी को नहीं है।
हालांकि, नगर निगम के अधिकारियों ने उनके प्रपत्रों को खारिज करते हुए, दुकानों के मुँह को फुटपाथ के ऊपर खोलने पर आपत्ति जताई और दीवार बनाने का कार्य शुरू कर दिया।
नगर निगम की टीम में अपर नगर आयुक्त मोहम्मद कमर, नगर मैजिस्ट्रेट प्रमोद झा, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह और सहायक अभियंता राम अवध यादव सहित अन्य अधिकारी भी शामिल थे। यह कार्यवाही देर रात तक जारी रही।