झाँसी के रक्सा थाना क्षेत्र का मामला
झाँसी के रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में एकतरफा प्यार के चलते नंदकिशोर अहिरवार की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी पर बुरी नजर रखने वाले आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं।
क्या है पूरा मामला?
झाँसी जिले की एसएसपी सुधा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का पूरा विवरण दिया। उन्होंने बताया कि मृतक नंदकिशोर की पत्नी लक्ष्मी पर गांव के रहने वाले सिंह यादव की बुरी नजर थी। नंदकिशोर ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। एकतरफा प्यार में सिंह यादव ने नंदकिशोर को रास्ते की रुकावट मानते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई।
घटना का क्रम
- 5 फरवरी 2025:
शाम करीब 6:30 बजे राजमिस्त्री का काम करके घर लौट रहे नंदकिशोर को लाल रंग की कार में आए छोटू उर्फ भवानी और उसके दोस्तों ने अगवा कर लिया। - शिकायत के बाद भी लापरवाही:
मृतक की पत्नी लक्ष्मी ने घटना के बाद अपने जेठ बालकिशन, भतीजे अजय और गांव के छोटू यादव पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन, शुरुआत में पुलिस ने इस मामले पर अधिक ध्यान नहीं दिया। - 3 दिन बाद:
8 फरवरी को नंदकिशोर की लाश बबीना थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे एक गड्ढे में मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की।
पुलिस का खुलासा
एसएसपी सुधा सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी छोटू उर्फ भवानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल प्रजापति (21), अरविंद प्रजापति (20), और गजेंद्र परिहार (21) शामिल हैं। आरोपियों ने हत्या के लिए मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी दो अन्य लोगों को भी शामिल किया था, जिन्हें पैसे देने का वादा किया गया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ में यह पता चला कि छोटू ने नंदकिशोर को कई बार धमकाया था और उसे अपना दुश्मन मान लिया था।