
गाजीपुर में चौंकाने वाला मामला: शादी के बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार
मरदह, गाजीपुर: शादी के बाद विदाई कर ससुराल जा रही एक दुल्हन ने सबको चौंकाते हुए अपने प्रेमी के साथ भाग जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र की है, जहाँ दुल्हन के पिता ने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
विदाई के बाद फिल्मी अंदाज में हुआ फरार
मंगलवार को भुड़कुड़ा थाना के गोडीहरा गांव से ईनवा तियरा गांव में बरात आई थी। शादी के बाद बुधवार की सुबह दूल्हा बृजेश कुमार अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर जा रहा था। दूल्हे के अनुसार, दुल्हन के घर से कुछ ही दूरी पर एक बाइक सवार युवक ने उनकी कार रोक दी। युवक ने बताया कि दुल्हन की मां की तबीयत खराब हो गई है और उसे घर से मिलकर तुरंत वापस आना है। यह कहकर, वह दुल्हन का हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठाकर ले गया।
दूल्हा सदमे में, दो लाख के आभूषण भी गायब
काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब दुल्हन नहीं लौटी, तो दूल्हा उसे ढूंढते हुए ससुराल पहुंचा। वहां उसे पता चला कि दुल्हन उस युवक के साथ भाग गई है, यह सुनकर दूल्हे के होश उड़ गए। दूल्हे ने बताया कि उसने शादी में लगभग दो लाख रुपये के आभूषण दुल्हन को पहनाए थे, जो वह अपने साथ लेकर फरार हो गई है।
आरोपी प्रेमी तीन बच्चों का पिता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिरनो थाने जाकर दूल्हे ने घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार, दुल्हन को भगाने वाला आरोपी प्रेमी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। दुल्हन के पिता सुदामा राम की तहरीर पर बिरनो पुलिस ने तियरा गांव निवासी जितेंद्र चौहान के खिलाफ शादी के बाद बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बिरनो थानाध्यक्ष बालेन्द्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधिक ताजा खबरों के लिए पढ़ें newspadhlo.com