स्मारक देखने के लिए नहीं लगेगा टिकट
झाँसी, 18 अप्रैल – आज पूरे देश में विश्व धरोहर दिवस 2025 मनाया जा रहा है। इस अवसर पर झाँसी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूक किया जा सके।
झाँसी में सुबह 7 बजे से रॉयल हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा, जो रानी महल से शुरू होकर ऐतिहासिक स्थलों से होते हुए समाप्त होगी। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम के सहयोग से संचालित होगा।
राजकीय संग्रहालय में सुबह 9 बजे से ‘हमारी संस्कृति – हमारी विरासत’ विषय पर आधारित एक छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा झाँसी किले के पंचमहल परिसर में सुबह 8:30 बजे से एशिया पेसिफिक स्मारकों की छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इस दिन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और पर्यटकों को भारत की प्राचीन सभ्यता और बुन्देलखण्ड की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना है। इस दिशा में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा।
विशेष बात यह है कि आज सभी संरक्षित स्मारकों में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के सर्वेक्षण सहायक श्री अभिषेक सिंह के अनुसार, झाँसी किला, रानीमहल, बरुआसागर किला, देवगढ़ आदि में आमजन बिना टिकट प्रवेश कर सकेंगे।
ओरछा में भी जहाँगीर महल, राजा महल, लक्ष्मी नारायण मंदिर और बेतवा नदी किनारे स्थित छतरियों जैसे राज्य संरक्षित स्मारकों में आम नागरिकों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जा रही है। साथ ही, पर्यटक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित होम स्टे का भ्रमण भी कर सकेंगे।