झाँसी: ससुराल वालों की पिटाई से युवक की मौत, पुलिस ने एक महीने बाद दर्ज किया केस
झाँसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक की ससुराल में हुई मारपीट के चलते मौत हो गई। पुलिस ने घटना के एक महीने बाद मृतक की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ग्वालियर की सिंधी कॉलोनी निवासी हरकुँवर पत्नी अशोक वर्मा ने बताया कि उनके बेटे राजा वर्मा की शादी पांच साल पहले तालपुरा कछियाना निवासी रजनी से हुई थी। शादी के बाद से ही रजनी उसे मायके में रहने के लिए मजबूर करने लगी थी। करीब छह महीने पहले राजा झाँसी आकर ससुराल में पत्नी के साथ रहने लगा और मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहा था।
16 फरवरी को राजा ने अपनी बहन को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी के भाइयों – अजय, विपिन और जग्गी ने उसकी बुरी तरह पिटाई की है। इसके बाद अचानक फोन कट गया। मारपीट में गंभीर चोटें लगने के कारण राजा की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज झाँसी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पीड़ित मां हरकुँवर की शिकायत पर नवाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।